अनियंत्रित रोडवेज़ बस दुकान में घुसी, लेखपाल भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी घायल
रायबरेली, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में अनियंत्रित रोडवेज़ बस गुरुवार को एक दुकान में जा घुसी, जिसमें लेखपाल भर्ती परीक्षा में शामिल हो जा रहे बस सवार कई अभ्यर्थी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि तीन घायलाें को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
लखनऊ-रायबरेली राजमार्ग पर हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पूरे मेदनी गांव के पास एक रोडवेज़ बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई फ़िर एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचवाया। गनीमत रही कि उस समय दुकान बंद थी। बस में सवार आठ लोग घायल हो गए। बस में सवार ज्यादातर लेखपाल भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए लखनऊ जा रहे थे।
घायलों में प्रेम शंकर (बस परिचालक), दिव्यांशी मौर्य (20 वर्ष) निवासी रायबरेली शहर, किरन सिंह (22 वर्ष) निवासी हथवासा, सरेनी, हंस कुमार (65 वर्ष)स्वाति शर्मा (25 वर्ष)निवासी बेनीपुर, कोतवाली रायबरेली, सलोनी पुत्री राजेश (19वर्ष), निवासी बेनीपुर, कोतवाली नगर, खुशी अग्रहरी, निवासी परषदेपुर, डीह, जेया त्रिपाठी (29 वर्ष), निवासी कोटिया चित्रा, ऊंचाहार शामिल हैं। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों का उचित उपचार कराया जा रहा है और दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से हाईवे से हटा दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे