हादसे वाली सड़कों की अब होगी पड़ताल, कारण तलाशकर कराएं सुधार : जिलाधिकारी
मीरजापुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सड़क हादसों में कमी लाने के लिए अधिक दुर्घटना वाले मार्गों के कारणों की पहचान कर तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। वह सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने पिछले तीन महीनों में हुए सड़क हादसों की मार्गवार समीक्षा की। अधिकारियों से हादसों वाले स्थानों पर ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर संकेतक, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराने को कहा। लोक निर्माण विभाग को खराब सड़कों की मरम्मत तत्काल शुरू कराने और बड़े पैच में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
नवरात्र और दुर्गापूजा के मद्देनजर प्रमुख मार्गों को समय से ठीक कराने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस के समन्वय से रूट डायवर्जन की व्यवस्था करने को कहा। सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पटरियों की भी मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन संचालन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान चलाने को कहा। परिवहन विभाग को स्कूली और व्यावसायिक वाहनों की नियमित जांच तथा जिला विद्यालय निरीक्षक और बीएसए को अनफिट स्कूली वाहनों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
घायलों को गोल्डन आवर में उपचार दिलाने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग में समन्वय पर जोर दिया गया। सेतु निगम के एमडी को आमघाट पुल के स्थायी समाधान में देरी और बैठक में अनुपस्थिति के संबंध में पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा