ऑटो की टक्कर से दो सगे भाई घायल, उपचार के दाैरान एक की मौत

 


मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के पास बुधवार देर शाम ऑटो की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

राजगढ़ बाजार निवासी शिव गोविंद उर्फ बमबम के पुत्र 32 वर्षीय सुनील केसरी और 28 वर्षीय सचिन केसरी करमा बाजार में कपड़े की दुकान चलाते थे। बुधवार देर शाम दुकान बंद कर दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान विशुनपुरा के पास अनियंत्रित ऑटो ने टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनील की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।

मृतक सचिन अविवाहित था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सचिन की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा