कार की टक्कर से मोपेड सवार युवक की मौत, चालक फरार
मीरजापुर, 03 मई (हि.स.)। मीरजापुर-औराई मार्ग पर चील्ह थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मंगलवार सुबह वाराणसी ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत सहसेपुर गांव निवासी 26 वर्षीय शिवम केशरी शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे मोपेड से मीरजापुर से औराई की ओर जा रहा था। इसी दौरान शास्त्री ब्रिज के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शिवम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को ई-रिक्शा से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मीरजापुर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने पर वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। शिवम दो भाइयों में छोटा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। उपनिरीक्षक बृजेश यादव ने बताया कि मृतक के चाचा सुरेंद्र केशरी की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा