मीरजापुर में दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में किसान की मौत

 


मीरजापुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार स्थित रामसूरत इंटर कॉलेज के सामने मंगलवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक किसान की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

अदलहाट थाना क्षेत्र के अदलहाट निवासी 58 वर्षीय प्रभाशंकर सिंह पुत्र स्व. लालमणि राजगढ़ के नदीहार बाजार में मकान बनवा रहे थे। मंगलवार को वह बाइक से राजगढ़ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक राजगढ़ बाजार के पास इंटर कॉलेज के सामने पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रभाशंकर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और अचेत हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा