तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा, मौके पर मौत

 


मीरजापुर, 17 मई (हि.स.। अहरौरा थाना क्षेत्र के महुली चौराहे के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गौतम कुमार (38) पुत्र दुख्खू एवं उनकी पत्नी फूला देवी (34) निवासी सरिया, थाना अहरौरा बाइक से जा रहे थे। महुली चौराहे के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए दोनों को कुचल दिया। हादसे में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि बाइक पर उनके साथ एक बच्चा भी था, जिसे हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए यातायात बहाल कराया।

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा