आशा कार्यकर्ता की सड़क हादसे में मौत, मुआवजे की मांग पर अड़े साथी
मीरजापुर , 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के कछवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कछवां की आशा कार्यकर्ता लालदेई वर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि आक्रोशित आशा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लालदेई वर्मा, पत्नी रामदुलार वर्मा शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे आयुष्मान कार्ड योजना के लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए घर से निकली थीं। चुनार रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर आगे गिट्टी-बालू की दुकान के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल लालदेई को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछवां पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजन, आशा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि लालदेई अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। परिवार की आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारियों के बीच हुई इस असामयिक मृत्यु से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही आशा अध्यक्ष रेखा सिंह अस्पताल पहुंचीं और मृतका को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रशासन से मृतका के परिवार को उचित आर्थिक सहायता, आश्रित को सरकारी नौकरी तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। आशा कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं और कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया।
मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी महेंद्र कुमार सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके मिश्र ने परिजन एवं आशा कार्यकर्ताओं से वार्ता कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया। हालांकि आशा कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। थाना प्रभारी अमरजीत चौहान ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। अज्ञात बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कछवां, चील्ह, महिला थाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है। प्रशासन समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा