ब्रेक फेल से भीषण हादसा: कंटेनर चालक समेत दो की मौत, तीन घायल

 


मीरजापुर, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में शनिवार देर रात कोल्डड्रिंक लदे कंटेनर का ब्रेक फेल होने से भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कंटेनर ने आगे चल रही कार, मोटरसाइकिल और एक अन्य कंटेनर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कंटेनर चालक समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि खलासी सहित तीन लोग घायल हो गए।

बताया गया कि मध्य प्रदेश के इंदौर से कोल्डड्रिंक लादकर असम के गुवाहाटी जा रहा कंटेनर रात करीब साढ़े दस बजे ड्रमंडगंज घाटी में नीचे उतर रहा था। जालिम मोड़ के पास अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे कंटेनर अनियंत्रित हो गया। सबसे पहले उसने आगे चल रही कार को टक्कर मारी। कार सवार लोग मैहर से दर्शन कर सोनभद्र लौट रहे थे। वे सभी बाल-बाल बच गए।

इसके बाद कंटेनर ने एक बाइक को टक्कर मारते हुए करीब 400 मीटर आगे बढ़कर दूसरे कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में 35 वर्षीय चालक अरविंद कुमार (निवासी मिलक, रामपुर) और 50 वर्षीय लालता यादव (निवासी चंदौली) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जान बचाने के लिए कूदे खलासी हिम्मत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार अजय कुमार बिंद और उनके भाई विजय कुमार बिंद (निवासी भदोही) भी हादसे में घायल हो गए, जिनमें विजय की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना पर थानाध्यक्ष भारत सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया भेजा, जहां से गंभीर घायलों को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा