सोनभद्र में बारातियों का पिकअप वाहन सड़क पर पलटा, तीन की मौत व 13 घायल
सोनभद्र, 13 मई (हि.स.)। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात दस बजे मिर्जापुर के मड़िहान से बारातियों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उस पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल ने बुधवार को बताया की मिर्जापुर के मड़िहान तहसील के चंदरी बांध निवासी शिव कुमार के पुत्र की बारात सोनभद्र के रामपुर चेनारी गांव जा रही थी। बारातियों से भरी पिकअप बीती रात दस बजे जैसे ही कठार गांव के पास पहुंची, तभी वाहन पर नियंत्रित हाेकर सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इस हादसे में वाहन में सवार 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रामपुर बरकोनिया पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
एएसपी रुणवाल ने बताया कि इस दुर्घटना में मिर्जापुर जिले के मड़िहान निवासी 18 वर्षीय अजय गोड़ पुत्र रामबली गोड़, 20 वर्षीय राजन गोड़ पुत्र कन्हैया गोड़ और 35 वर्षीय विनोद गोड़ पुत्र कैलाश गोड़ की मौत हो गई है। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज लोढ़ी राबर्ट्सगंज में किया जा रहा है जबकि दो घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी