मुख्यमंत्री अभ्युदय याेजना से संवर रहा युवाओं का भविष्य, सिर्फ 10 केंद्रों से 138 का चयन
-प्रदेश में समाज कल्याण विभाग के 157 केंद्रों पर मिल रही प्रतियोगी परीक्षाओं की निश्शुल्क तैयारी की सुविधा
-शीर्ष 10 अभ्युदय कोचिंग केंद्रों के विद्यार्थियों ने 2024 से 2026 के बीच विभिन्न परीक्षाओं में हासिल की सफलता
-नीट में 47, जेईई में 27 और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में 59 विद्यार्थी चयनित, सिविल सेवा श्रेणी में भी मिली सफलता
लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। आर्थिक अभाव अब प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों की राह में बाधा नहीं बन रहा है। समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण मंच उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में संचालित 157 अभ्युदय कोचिंग केंद्रों के माध्यम से युवाओं को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल रहा है। वर्ष 2024 से 2026 के बीच केवल शीर्ष 10 अभ्युदय कोचिंग केंद्रों के 138 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ केंद्र से सर्वाधिक 27 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। महोबा के 20, मीरजापुर के 17, मऊ, उन्नाव और कन्नौज के 14-14, वाराणसी के 13 तथा बाराबंकी के 11 विद्यार्थी सफल हुए हैं। आजमगढ़ और गोरखपुर के चार-चार विद्यार्थियों ने भी उपलब्धि हासिल की है। इनमें 47 विद्यार्थी नीट, 27 जेईई और 59 अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित हुए हैं। वहीं, सिविल सेवा श्रेणी में पांच विद्यार्थियों का चयन दर्ज है।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों को रुकने नहीं देना है। सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध करा रही है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर आत्मनिर्भर बन सकें।
योजना के तहत विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, नियमित कक्षाएं, अध्ययन सामग्री और अभ्यास परीक्षाओं की सुविधा दी जाती है। इससे महंगी निजी कोचिंग पर निर्भरता कम होने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को भी प्रतिष्ठित सेवाओं और संस्थानों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा