जिगना की आस्था ने यूपीएससी में लहराया परचम, हाइड्रोलॉजिस्ट पद पर चयन

 


- चार प्रयासों में असफलता के बाद भी नहीं मानी हार, रोज 10 से 12 घंटे की पढ़ाई से मिली सफलता

मीरजापुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिगना गांव की बेटी आस्था सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन केंद्रीय जल आयोग में हाइड्रोलॉजिस्ट पद पर हुआ है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर और पटाखे दागकर खुशी मनाई।

आस्था की प्रारंभिक शिक्षा नगर क्षेत्र के सेंट जोसेफ स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से भू-विज्ञान विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। आस्था ने बताया कि लक्ष्य हासिल करने के लिए वह नियमित रूप से 10 से 12 घंटे पढ़ाई करती थीं। भू-विज्ञान विषय की तैयारी पर उन्होंने विशेष ध्यान दिया।

आस्था को चार प्रयासों में असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने धैर्य नहीं खोया और लगातार मेहनत करती रहीं। आखिरकार उनकी लगन और परिश्रम रंग लाया और केंद्रीय जल आयोग में हाइड्रोलॉजिस्ट पद पर चयन हुआ।

उनकी उपलब्धि पर ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह सहित वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रेम बहादुर सिंह, राम सिंह, पंच बहादुर सिंह, दिनेश सिंह और विनय प्रताप सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। ग्रामीणों ने इसे गांव और जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा