आचार्य मनुष्य के भीतर विवेक और संकल्प जगाते हैं, भारतीय संस्कृति में विश्व को दिशा देने की क्षमता : सुधांशु त्रिवेदी
कानपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। किताबों और इंटरनेट से जानकारी मिल सकती है, कृत्रिम बुद्धिमत्ता बुद्धि को विकसित कर सकती है, लेकिन मनुष्य के भीतर विवेक और सही संकल्प जगाने का काम आचार्य करते हैं। केवल बुद्धि के आधार पर ज्ञान का उपयोग निर्माण और विनाश, दोनों के लिए किया जा सकता है। इसलिए जीवन में आचार्य वंदन का विशेष महत्व है।
यह बातें शनिवार को कानपुर में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के तीसरे दिन आचार्य वंदनम् कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहीं। उन्होंने कहा कि आचार्य व्यक्ति को केवल जानकारी नहीं देते, बल्कि उसके मन में सही और गलत का भेद करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने इंफोसिस और अलकायदा का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों के पास युवाओं की ऊर्जा, समर्पण और वैश्विक स्तर पर प्रभाव डालने की क्षमता थी, लेकिन अलग-अलग विचार और संकल्प के कारण एक ने निर्माण किया, जबकि दूसरे ने विनाश का रास्ता चुना। इससे स्पष्ट होता है कि बुद्धि के साथ विवेक और सकारात्मक सोच भी जरूरी है।
त्रिवेदी ने पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन पर चिंता जताते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाएं बढ़ी हैं, लेकिन शुद्ध भोजन, पानी और हवा का संकट भी सामने है। भारतीय संस्कृति प्रकृति को माता के रूप में देखने की सीख देती है। पृथ्वी और पर्यावरण का संरक्षण केवल जरूरत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने ईशावास्य उपनिषद के मंत्र और पृथ्वी को माता मानने वाली भारतीय परंपरा का उल्लेख किया।
उन्होंने भारतीय खानपान और जीवनशैली का जिक्र करते हुए कहा कि देशी घी, सरसों का तेल, मसाले और पारंपरिक भोजन हमारी संस्कृति का हिस्सा रहे हैं। इसके बावजूद कई बार भारतीय परंपराओं को पिछड़ा बताकर उनमें हीन भावना पैदा की जाती है। दीपावली पर तेल के दीप जलाने से लेकर होली और पारंपरिक विवाह समारोहों तक, हमारी परंपराओं में सामाजिक और आर्थिक पक्ष भी जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा को प्रमुखता से प्रस्तुत किया है। विदेश यात्राओं के दौरान गीता भेंट करने, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पहल और जी-20 जैसे आयोजनों में भारतीय विरासत को प्रदर्शित करने से दुनिया का ध्यान हमारी सांस्कृतिक धरोहर की ओर गया है।
त्रिवेदी ने चंद्रयान-3 की सफलता और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर शिव-शक्ति बिंदु के नामकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आधुनिक विज्ञान और अपनी सांस्कृतिक पहचान, दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। शिव-शक्ति और अर्धनारीश्वर जैसी अवधारणाएं भारतीय चिंतन की विशिष्टता को दर्शाती हैं।
कार्यक्रम में मुकुल कानिटकर, ओमशंकर त्रिपाठी, डॉ. कृष्ण बिहारी पांडेय, डॉ. अंगद सिंह, राजकुमार लोहिया, नीतू सिंह, डॉ. अरविंद दीक्षित, नवीन त्रिपाठी, संजीव दीक्षित और नीरज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप