(संशोधित) कानपुर मंडल में 5.78 लाख कुंतल धान की खरीद, 10,920 किसानों को सीधा लाभ

 


- योगी सरकार की एमएसपी व्यवस्था से किसानों को फायदा, धान से बाजरा तक रिकॉर्ड खरीद

- पीएफएमएस से हो रहा डिजिटल भुगतान, किसानों को आढ़तियों के चक्कर से मिली राहत

कानपुर, 21 दिसंबर (हि.स.)। योगी सरकार के नेतृत्व में अनाज की खरीद प्रक्रिया से किसान पूरी तरह से खुश नजर आ रहे हैं। दरअसल, पारदर्शी व्यवस्था और 48 घंटे के भीतर डिजिटल भुगतान उनके लिए वरदान साबित हो रहा है। कानपुर मंडल में खाद्य विभाग ने किसानों से अब तक साढ़े पांच लाख कुंतल से ज्यादा का धान खरीदा है। करीब 11 हजार किसानों को सीधा लाभ पहुंचा है। इसी तरह न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत ज्वार, बाजरा और मक्का की भी खरीद हुई है। संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी प्रभा कांत द्विवेदी ने बताया कि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बता दें कि मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद 31 दिसंबर तक चलेगी, जबकि धान की खरीद फरवरी अंत तक चलेगी।

प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में सीधे किसानों से धान, मक्का, बाजरा एवं ज्वार की खरीद की जा रही है। कानपुर मंडल के जिले कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, कन्नौज और फर्रुखाबाद में खोले गये क्रय केंद्रों पर किसान इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन के जरिए तौल करा रहे हैं।

किसानों को आढ़तियों और चेक के चक्कर में हफ्तों इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। 'पीएफएमएस' प्रणाली से 85 प्रतिशत छोटे और मंझोले किसानों को सबसे ज्यादा फायदा पहुंच रहा है। मंडल के अधिकांश केंद्रों को 'स्मार्ट' बनाया गया है। इसके अलावा, कानपुर मंडल के केंद्रों पर आधुनिक 'नमी मापक यंत्र' की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कन्नौज और फर्रुखाबाद जैसे क्षेत्रों में इस बार मक्के और बाजरे की खरीद का लक्ष्य करीब 85 प्रतिशत तक हासिल किया गया है। वहीं, 'पंजिका' व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर लागू किया गया है।

फर्रुखाबाद के उघरामऊ के रहने वाले किसान प्रवींद्र सिंह ने बताया कि उनके 70 कुंतल धान का तीसरे दिन ही भुगतान हो गया। राजेपुर के सोमपाल सिंह की बटाई पर फसल थी। उनका भी भुगतान हो गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत खरीद हो रही है। इसी तरह गूजरपुर के राजीव वर्मा ने बताया कि उनका 57 कुंतल धान था, जिसका भुगतान 48 घंटे के भीतर ही हो गया. उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। इटावा के भरथना के रहने वाले प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि उनके गांव के किसानों को पेमेंट की टेंशन नहीं है। इस डिजिटल भुगतान की व्यवस्था से काफी खुशी मिल रही है। साथ ही, अब घंटों इंतजार भी नहीं करना पड़ता है।

न्यूनतम समर्थन मूल्य

-------------

धान (कॉमन) - 2369 रुपए प्रति कुंतल

धान (ग्रेड ए) - 2389 रुपए प्रति कुंतल

मक्का - 2400 रुपए प्रति कुंतल

बाजरा - 2775 रुपए प्रति कुंतल

ज्वार (हाइब्रिड) - 3699 रुपए प्रति कुंतल

ज्वार (मालदाण्डी) - 3749 रुपए प्रति कुंतल

5 लाख 78 हजार कुंतल धान की खरीद

कानपुर मंडल में धान की खरीद के लिए कुल 217 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इन सभी केंद्रों पर अब तक कुल 10,920 किसान लाभान्वित हुए हैं। इन किसानों से पांच लाख 78 हजार कुंतल से ज्यादा की खरीद की गई है। इटावा जिले में धान की खरीद के लिए 39 क्रय केंद्र खोले गए हैं। अब तक 1922 किसानों का धान खरीदा गया। इनसे करीब एक लाख 10 हजार कुंतल की खरीद हुई। औरैया जिले में 31 क्रय केंद्र खोले गए हैं। 1737 किसानों से करीब 79 हजार कुंतल धान खरीदा गया। कन्नौज की बात करें तो 27 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। यहां 854 किसानों से करीब 55 हजार कुंतल धान खरीदा गया। कानपुर देहात जिले में 54 क्रय केंद्रों में 3266 किसानों से एक लाख 70 हजार कुंतल के करीब खरीद हुई। कानपुर नगर जिले में 47 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। यहां अभी तक 2369 किसानों से एक लाख 25 हजार कुंतल के करीब खरीद हुई है। फर्रखाबाद के 19 क्रय केंद्रों पर 772 किसानों से करीब 44 हजार कुंतल धान खरीदा गया।

3 लाख कुंतल से ज्यादा बाजरा की खरीद

कानपुर मंडल में बाजरा की खरीद की बात करें तो 72 क्रय केंद्रों से अब कुल 8808 किसान लाभान्वित हुए। क्रय केंद्रों पर इन किसानों से करीब तीन लाख 20 हजार कुंतल के आसपास बाजरा की खरीद हुई। इटावा जिले में 15 क्रय केंद्र खोले गए हैं। यहां 1162 किसानों से करीब 44 हजार कुंतल बाजरा खरीदा गया। औरैया जिले में 14 क्रय केंद्रों पर 2831 किसानों से 88 हजार कुंतल के आसपास खरीद हुई। वहीं, कन्नौज के नौ केंद्रों पर 275 किसानों से अब तक 15 हजार कुंतल बाजरा खरीदा गया। कानपुर देहात जिले के 16 क्रय केंद्रों पर 2979 किसानों से एक लाख 13 हजार कुंतल के आसपास बाजरा खऱीदा गया। कानपुर नगर के 14 क्रय केंद्रों पर 699 किसानों से करीब 26 हजार कुंतल बाजरा खरीदा गया। फर्रुखाबाद में चार क्रय केंद्र खोले गए हैं। यहां 912 किसानों से 33 हजार कुंतल के आसपास की खरीद हुई।

करीब 47 हजार कुंतल मक्का की खरीद

कानपुर मंडल में मक्का की खरीद के लिए 40 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर अब तक कुल 1183 किसानों से चार लाख 71 हजार कुंतल के करीब मक्का खरीदा गया है। जिन जिलों में किसान लाभान्वित हो रहे हैं, उनमें औरैया की बात करें तो सात क्रय केंद्रों में 15 किसानों से 472 कुंतल मक्का खरीदा गया है। वहीं, कन्नौज के नौ क्रय केंद्रों में 248 किसानों से 12 हजार कुंतल के करीब खरीद हुई है। कानपुर देहात के आठ क्रय केंद्रों पर 394 किसानों से 14 हजार कुंतल के आसपास खरीद हुई है। वहीं, कानपुर नगर के सात क्रय केंद्रों पर अब 274 किसानों से करीब 11 हजार कुंतल मक्का खरीदा गया है। फर्रुखाबाद की बात करें तो चार क्रय केंद्रों पर 252 किसानों 10 हजार कुंतल के करीब मक्का की खरीद हुई है।

डेढ़ लाख कुंतल के करीब ज्वार की खरीद

कानपुर मंडल में कुल 30 क्रय केंद्रों पर ज्वार की खरीद की बात करें तो 4521 किसानों से करीब एक लाख 28 हजार कुंतल की खरीद हुई है। कानपुर देहात जिले में 16 क्रय केंद्र खोले गए हैं, यहां 2604 किसानों से अब तक 71 हजार कुंतल के करीब ज्वार खरीदा गया है। कानपुर नगर के 14 क्रय केंद्रों पर 1917 किसानों से 57 हजार कुंतल के करीब ज्वार की खऱीद हुई है।

किसानों से ये की गई है अपील

योगी सरकार की ओर से किसानों से अपील की गई है कि अपनी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त करने के लिए अपनी फसल की बिक्री राजकीय क्रय केंद्र पर करें और योजना का लाभ उठाएं। 17 परसेंट तक नमी का धान खरीद जा सकता है। धान को अच्छी तरह सुखाकर, साफ कर खरीद केंद्र पर लाएं।

संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी प्रभा कांत द्विवेदी ने बताया कि किसानों को सुविधा देना हमारी प्राथमिकता में है। हर जिले में किसानों से खरीद की व्यवस्था बेहतर चल रही है। सभी क्रय केंद्र पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से खरीद के बाद 48 घंटे के भीतर डिजिटल भुगतान किया जा रहा है। तौल की व्यवस्था को पूरी तरह से पारदर्शी बनाया गया है। समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार