विश्व पर्यावरण दिवस पर पांच करोड़ पौधे लगाएगा उत्तर प्रदेश

 


-विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) पर कुकरैल में होगा वृहद पौधरोपण, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे शुभारंभ

लखनऊ, 04 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुकरैल वन क्षेत्र से इसका शुभारंभ करेंगे। उनके नेतृत्व में पूरे राज्य में एक दिन में पांच करोड़ पौधरोपण किए जाएंगे। इसके लिए सभी विभागों व मंडलों के लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। पर्यावरण दिवस पर वन विभाग की तरफ से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्य आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कुकरैल वन क्षेत्र में वृहद पौधरोपण होगा। सबसे पहले यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पौधरोपण करेंगे। यहां 200 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस कार्यक्रम में वन मंत्री अरुण सक्सेना, प्रभारी मंत्री, प्रमुख सचिव, विभागाध्यक्ष समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इसके पश्चात प्रदेश के 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों समेत सभी ग्राम पंचायतों में यह अभियान पूरे दिन चलेगा। वन विभाग के संयोजकत्व में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान, नगर विकास आदि विभागों के सहयोग से अमृत सरोवर, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों, नहरों आदि के किनारे पौधे लगाए जाएंगे। इसमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों आदि की भी सहभागिता होगी।

मण्डलों को मिला लक्ष्य

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग तीन करोड़ पौध लगाएगा, कृषि विभाग 75 लाख, वन विभाग 50 लाख, उद्यान विभाग 50 लाख, पंचायती राज विभाग 20 लाख, नगर विकास पांच लाख पौध रोपेगा। मण्डलवार देखें तो मेरठ में 19 लाख छह हजार, सहारनपुर में 14 लाख 86 हजार, आगरा 24 लाख 67 हजार, अलीगढ़ में 18 लाख 97 हजार, मुरादाबाद में 27 लाख 60 हजार, बरेली में 32 लाख 21 हजार, प्रयागराज में 32 लाख 17 हजार, वाराणसी में 24 लाख 83 हजार, मीरजापुर में 28 लाख 63 हजार, गोरखपुर में 24 लाख 75 हजार, बस्ती में 16 लाख, आजमगढ़ में 19 लाख, लखनऊ में लगभग 63 लाख, अयोध्या में 30 लाख 41 हजार, देवीपाटन में 29 लाख 34 हजार, कानपुर में 31 लाख 83 हजार, झांसी में 31 लाख 67 हजार और चित्रकूट मण्डल में 31 लाख 29 हजार पौधरोपण होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला