जौनपुर में बिना परमिट चल रही 4 स्कूली बसें सीज, 9 वाहनों का चालान

 


जौनपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार द्वारा जिले में स्कूली वाहनों की जांच की गई।

अभियान के दौरान कई स्कूल बसों के परमिट, फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में अनियमितता पाए जाने पर बिना परमिट संचालित 4 स्कूली वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा कराया गया, जबकि 9 अन्य वाहनों का चालान किया गया।

परिवहन विभाग ने जिले के सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन स्कूल वाहनों का परमिट समाप्त हो चुका है या बिना परमिट वाहन संचालित किए जा रहे हैं, वे तत्काल परमिट का नवीनीकरण कराएं अथवा नया परमिट बनवाएं। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में बिना परमिट या नियमों के विरुद्ध संचालित मिलने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और निरुद्धीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव