नोएडा में स्वाइन फ्लू के 37 मरीज मिले

 


नोएडा, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर नोएडा में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को इसके 37 नए मरीजों की पुष्टि की है। इसी के साथ मरीजों की संख्या बढ़कर 365 हो गई। अब तक करीब 280 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। ग्रामीण इलाकों की तुलना में शहरी क्षेत्रों में मरीजों की संख्या अधिक है। किसी भी रोगी की हालत गंभीर नहीं है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा ने कहा कि एक महिला मरीज आईसीयू में भर्ती है। वह इलाज के बाद अब ठीक है। इस कारण उन्हें शनिवार को छुट्टी दे दी जाएगी। स्वाइन फ्लू का एक संदिग्ध रोगी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचा था, जिसका नमूना जांच के लिए लिया गया है।

वहीं जनपद गौतमबुद्ध नगर में शुक्रवार को डेंगू के एक मरीज की पुष्टि हुई है। इसी के साथ मरीजों की संख्या बढ़कर 74 हो गई। वहीं, तीन मरीज संदिग्ध हैं, जिनके रक्त के नमूने की एलाइजा जांच की रिपोर्ट के आधार पर इन्हें डेंगू का पुष्ट या अपुष्ट रोगी माना जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ती वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू का नया रोगी कासना गांव निवासी है। मरीज के घर से आसपास मच्छरनाशक दवा का छिड़काव करा दिया गया है। इसके अलावा संदिग्ध रोगियों के नमूने लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि तीन अन्य मरीजों की रैपिड जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। उनके नमूनों की एलाइजा जांच की जाएगी। एलाइजा रिपोर्ट ही डेंगू की मान्य जांच है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी