सुलतानपुर में हाईवे किनारे 24 मवेशियों के शव मिले, एसओजी समेत 4 टीमें अपराधियों की तलाश में जुटीं
सुलतानपुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को टांडा-बांदा हाईवे किनारे दाे दर्जन मृत और घायल मवेशी पाए गए। सेमरी चौकी क्षेत्र के माधवपुर देवरी गांव के पास हाईवे से सटे खेतों में लगभग 300 मीटर के दायरे में मवेशी बिखरे पड़े थे। सूचना मिलते ही ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम द्वारा की गई गणना में कुल 27 मवेशी मिले, जिनमें 20 गाय और चार बैल मृत पाए गए। तीन गायें गंभीर रूप से घायल अवस्था में थीं। पशु चिकित्सकों की टीम ने तत्काल घायल मवेशियों का उपचार शुरू किया। उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी प्रमोद मिश्रा सहित कई अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया है, ताकि उनकी मौत के कारणों का पता चल सके।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने सोमवार को बताया कि घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जयसिंहपुर के ग्राम माधवपुर के प्रधान ने सूचना दी थी कि गांव के बाहर अकबरपुर-सुल्तानपुर स्टेट हाईवे के किनारे एक सुनसान रास्ते पर कुछ मृत और जीवित गोवंश मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि मृत गोवंशों को किसी वाहन से यहां डंप किया गया है। घटना ट्रांजिट के दौरान हुई है या आसपास कहीं गोवंशों की तबीयत खराब होने पर उन्हें यहां डाला गया है, इसकी जांच की जा रही है। सभी जीवित गोवंशों का उपचार और मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सर्विलांस के माध्यम से घटना में प्रयुक्त वाहन और अपराधियों की तलाश के लिए एसओजी सहित जयसिंहपुर सर्किल की कुल चार टीमें गठित की गई हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मृत गोवंशों के सम्मानजनक निस्तारण की कार्यवाही की जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त