मीरजापुर के निखिलेंद्र ने सातवें प्रयास में पाई यूपीएससी में सफलता, गांव में जश्न
मीरजापुर, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद अंतर्गत छानवे क्षेत्र के नीबी गहरवार गांव निवासी किसान शिव श्याम सिंह के बेटे निखिलेंद्र सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 15वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग एक-दूसरे का मुंह मीठा कर बधाइयां दे रहे हैं।
निखिलेंद्र की यह सफलता खास इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने सातवें प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। इससे पहले वह लगातार छह बार मेन्स परीक्षा में असफल रहे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। अंततः उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें ट्रेजरी ऑफिसर का पद मिला।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के परिषदीय विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद प्रयागराज के एक इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट और फिर एक निजी डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। तैयारी के दौरान उन्होंने आर्थिक और शैक्षणिक संतुलन बनाए रखने के लिए कोचिंग संस्थान में अध्यापन कार्य भी किया।
निखिलेंद्र सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और बड़े भाई नीलेंद्र सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मविश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी है और कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। परिवार का सहयोग सफलता की राह में सबसे बड़ा संबल होता है।
गांव के इस लाल की उपलब्धि पर हर कोई गर्व महसूस कर रहा है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पूर्व प्रधान गुड्डू सिंह, अरविंद, घनश्याम, सोनू सिंह, शिवशंकर, समीर, नीरज समेत कई लोगों ने उनके आवास पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा