मुख्यमंत्री विवाह योजना : देवरिया में 144 जोड़ों का हुआ विवाह

 




देवरिया, 15 अक्टूबर (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को राजकीय आईटीआई परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 144 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 138 हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जबकि छह मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।

कार्यक्रम में देवरिया सदर के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रितू शाही तथा मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं सफल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसके तहत विवाहित कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है। शेष 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक