पीतलनगरी में हुई बैमोसम बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, अप्रैल में ठंड का एहसास
मुरादाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में मंगलवार रात्रि में बैमोसम हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से आसमान में घने काले बादल छाए रहे और शाम तेज हवा आंधी में तब्दील हो गई। रात्रि 9 बजे के लगभग बूंदाबांदी शुरू हो गई जो लगभग दो घंटे तक जारी रही। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को अप्रैल के महीने में हल्की गुलाबी ठंड का अहसास हुआ।
मौसम विशेषज्ञ प्रो एके सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बारिश हुई और तेज रफ्तार से ठंडी हवा चलने लगी। बुधवार को भी मुरादाबाद में बारिश होगी और मौसम में अचानक आए इस बदलाव से मंगलवार को मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया।
मुरादाबाद में मंगलवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए। शाम तेज हवा आंधी में तब्दील हो गई। इसके बाद रात्रि 9 बजे से रिमझिम बरसात होने लगी। बारिश का यह सिलसिला करीब दो घंटे तक चलता रहा। इससे मौसम सुहाना हो गया।
इस बारिश से मुरादाबाद का अधिकतम और न्यूनतम तापमान तीन-तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। तापमान गिरने की वजह से लोगों को हल्की गुलाबी ठंड का अहसास हुआ। लोगों को गुलाबी ठंड की वजह से अपने घरों में पंखे भी बंद करने पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल