पांडु नदी पुल के पास मिला अज्ञात शव, पहचान में जुटी पुलिस

 


औरैया, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना तहसील क्षेत्र अंतर्गत बेला थाना क्षेत्र में पांडु नदी पुल के पास गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति (पुरुष) का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृतक व्यक्ति को बुधवार शाम मंदिर के पास घूमते हुए देखा गया था। रात के समय वह वहीं गिर गया था और हलचल भी कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे नशे की हालत में समझकर ध्यान नहीं दिया। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे तक जब वह उसी स्थिति में निढाल पड़ा रहा, तब ग्रामीणों को संदेह हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों व राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बेला थानाध्यक्ष गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चिचौली भेज दिया।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान के लिए उसकी फोटो सोशल मीडिया और आसपास के थानों में भेज दी गई है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं स्थानीय स्तर पर भी मृतक की पहचान के लिए पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार