संस्कृति विवि में सर चढ़कर बोला बॉलीवुड सिंगर मोहम्मद इरफान की गायकी का जादू
मथुरा, 02 अक्टूबर(हि.स.)। संस्कृति विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह सुरों की महफिल के साथ बेहद खास और भव्य अंदाज में बीतीरात मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में देश के प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक मोहम्मद इरफान ने अपने सुपरहिट गीतों से पूरे परिसर को संगीतमय कर दिया।
समारोह में इरफान ने दर्द दिलों के, फिर मोहब्बत, बंजारे को घर, केसरिया और ऐ दिल है मुश्किल जैसे नए दौर के चर्चित गानों के साथ-साथ लता मंगेशकर और जगजीत सिंह के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर विद्यार्थी और शिक्षक देर रात तक झूमते नजर आए। करीब ढाई घंटे से अधिक समय तक चली इस संगीतमय प्रस्तुति ने समां बांध दिया।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने इसे एक ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि यह स्थापना दिवस हमारी यात्रा, मूल्यों और छात्रों की ऊर्जा का उत्सव है। उन्होंने गायक मोहम्मद इरफान को सम्मानित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार