बच्चों की प्रतिभा निखारने का यह सही मंच है : ज्योति दास
कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को सामने लाने का यही सही अवसर है। ऐसे कार्यक्रम उन्हें आत्मविश्वास और मंचीय कौशल विकसित करने में मदद करते हैं। यह बातें मंगलवार को यूनाइटेड पब्लिक स्कूल, सिविल लाइंस की प्रधानाचार्या ज्योति दास ने कहीं।
यूनाइटेड पब्लिक स्कूल, सिविल लाइंस (प्री-प्राइमरी विंग) में आज हर्षोल्लास के साथ ग्रेजुएशन डे सेरेमनी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रेप, पीजी और नर्सरी के करीब 120 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद बच्चों ने वेस्टर्न डांस, योगा डांस, कहानी वाचन और नाट्य रूपांतरण की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत माइम एक्ट रहा, जिसमें “अच्छे बच्चे” और “आलसी बच्चे” का प्रभावशाली चित्रण किया गया। बच्चों की यह प्रस्तुति दर्शकों का मन मोहने में सफल रही। इसके अतिरिक्त, “यूनाइटेड पब्लिक स्कूल न्यूज़ बुलेटिन” की प्रस्तुति में बच्चों ने प्रधानाचार्या, जनरल सेक्रेटरी और अभिभावकों की भूमिका निभाते हुए गत सत्र की गतिविधियों पर संवादात्मक रूप से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. आई. एम. रोहतगी, जनरल सेक्रेटरी रोचक रोहतगी और प्रधानाचार्या ज्योति दास की उपस्थिति कार्यक्रम को और भी विशेष बना गई। सभी अतिथियों और अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन कोऑर्डिनेटर विभा गेरा के मार्गदर्शन और सभी शिक्षिकाओं के अथक प्रयासों से सम्पन्न हुआ। बच्चों की मासूमियत, ऊर्जा और प्रतिभा ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया, जिससे यह समारोह यादगार बन गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप