कांग्रेस का अनोखा सत्याग्रह, टूटी सड़कों को दी ‘श्रद्धांजलि’

 


कानपुर, 27 फरवरी (हि. स.)। टूटी सड़कें रोज हादसों की वजह बन रही हैं और जनता परेशान है। त्यौहार, इम्तिहान और रोजमर्रा की ज़िंदगी में सरकार को आम लोगों की तकलीफ से कोई सरोकार नहीं। सबसे ज्यादा टैक्स देने के बावजूद शहरवासियों को सुरक्षित सड़कें नहीं मिल रहीं। वीआईपी के लिए रूट चमकाए जाते हैं, जबकि आम लोग गड्ढों में जान जोखिम में डालकर चलते हैं। शिकायतों के बाद भी विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। एक महीने में सड़कें ठीक नहीं हुईं तो मुख्यमंत्री के रूट पर लेटकर विरोध किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को प्रतीकात्मक सत्याग्रह के दौरान कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

कानपुर महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में जूही डिपो चौराहे पर अध्यक्ष पवन गुप्ता की अगुआई में टूटी गढ्ढेदार सड़क पर खड़े होकर कांग्रेसियों व क्षेत्रीय नागरिकों ने टूटी व खूनी सड़क को श्रद्धांजलि देते हुए उस पर कफ़न, फूल, अगरबत्ती और दीपक जलाते हुए शासन, प्रशासन, नगर निगम और पीडब्लूडी की संवेदनहीनता विशेषकर कानपुर दक्षिण क्षेत्र इस समस्या से त्राहिमाम है। जूही, बर्रा, फजलगंज, ट्रांसपोर्ट नगर, किदवई नगर, यशोदा नगर, नौबस्ता, जाजमऊ, लालबंगला, कैंट, विष्णुपुरी, तिलकनगर समेत पूरे शहर की स्थिति दयनीय है।

पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार ने स्मार्ट सिटी का वादा करके खूनी गड्ढा सिटी दे दिया था। इन में रोजाना दर्जनों लोग गिरते हैं। संबंधित विभागों में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। आज सड़क पर यह प्रतीकात्मक सत्याग्रह कर कानपुर की जनता का दर्द उजागर कर रहे हैं। अगर कानपुर की सड़कें एक माह में ठीक नहीं हुई तो जिस दिन मुख्यमंत्री आएंगे उस दिन उनके रूट पर लेटकर विरोध किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप