केंद्रीय मंत्री बघेल ने दी शोक संवेदना, पीएम मोदी के तेल बचत आह्वान का किया समर्थन
कानपुर, 20 मई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल बुधवार को शताब्दी एक्सप्रेस से कानपुर पहुंचे और भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के बर्रा स्थित आवास पहुंचकर उनके बड़े भाई स्वर्गीय श्रीराम पाल के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान भाजपा तेलंगाना प्रदेश के महामंत्री संगठन चंद्रशेखर ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तेल बचत के आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक और ऊर्जा संकट के दौर में ईंधन बचत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उन्होंने टूंडला से कानपुर तक का सफर ट्रेन से तय कर ईंधन बचत का संदेश दिया तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग पर जोर दिया।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि अखिलेश यादव द्वारा पीडीए की बात करना दर्शाता है कि पार्टी का पुराना चेहरा भय, अपराध और अराजकता से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकारों में पिछड़ों और दलितों के साथ अन्याय हुआ और अब उन्हें अपने कार्यकाल का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने राणा सांगा पर टिप्पणी को गलत बताया और कहा कि महापुरुषों के सम्मान से ही संस्कृति मजबूत होती है। इस दौरान उन्होंने 2027 में सरकार बनाने के दावे को लेकर भी सपा पर तंज कसा और भाजपा सरकार की वापसी पर विश्वास जताया। कार्यक्रम में कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अनूप अवस्थी, विनय राठौर आदि भी मौजूद रहे और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप