यूपी के उरई में केंद्रीय मंत्री एस.पी. बघेल ने किया महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण
उरई, 10 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एस.पी. बघेल शुक्रवार को जालौन पहुंचे। उरई नगर में संचालित जनसेवा रसोई के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर समाजसेवा, राष्ट्र निर्माण तथा महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों का दायित्व है कि वे सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और धार्मिक क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। जरूरतमंदों की सेवा को अपना कर्तव्य समझें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रोफेसर एस.पी. बघेल ने जनसेवा रसोई के चार वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह रसोई लगातार निर्धन, असहाय, श्रमिक एवं जरूरतमंद लोगों को पौष्टिक और कैलोरी युक्त भोजन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने इस सेवा की तुलना अन्नपूर्णा भंडार और अक्षय पात्र से करते हुए कहा कि जिस प्रकार अन्नपूर्णा का भंडार और अक्षय पात्र कभी खाली नहीं होते, उसी प्रकार यह सेवा भी निरंतर चलती रहे और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज तभी मजबूत बनता है, जब सक्षम लोग अपनी आय और समय का कुछ हिस्सा समाजहित के कार्यों में लगाते हैं। गरीबों की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। ऐसे प्रयास सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी, वीरांगना झलकारी बाई, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण भी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा