विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने वाला है मोदी सरकार का बजट मनोहर लाल कोरी

 


चित्रकूट, 04 फ़रवरी (हि.स.)। भगवान श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट के दौरे पर आए उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल कोरी ने मोदी सरकार के बजट की खूबियां गिनाते हुए कहा कि इस बार केंद्रीय बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का एक सशक्त और दूरदर्शी विजन डॉक्यूमेंट है।

बुधवार को चित्रकूट के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पत्रकार वार्ता में राज्यमंत्री मनोहर लाल कोरी ने कहा कि मोदी सरकार का यह बजट वर्तमान के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर लाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में यूपी से हिस्से में भी करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये आएंगे। राज्यमंत्री ने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य की तरफ बढ़ता हुआ कदम है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने आमजन की सुविधाओं, नवाचार, आर्थिक वृद्धि, रोजगार सृजन और समावेशी विकास पर निरंतर फोकस किया है। इसी सोच का स्पष्ट प्रतिबिंब बजट 2026-27 में भी देखने को मिलता है, जो किसान, युवा, महिला, उद्यमी और मध्यम वर्ग सहित सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि बजट में देश को सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की सौगात दी गई है, जिनमें दिल्ली-वाराणसी एवं वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर उत्तर प्रदेश को लाभ पहुंचाएंगे। इन परियोजनाओं से नोएडा, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों को लाभ होगा। यात्रा समय घटेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण का निर्णय लिया गया है, जिसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा। वाराणसी में गंगा जलमार्ग पर जलयान मरम्मत केंद्र विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पंकज अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख अरविंद कुमार मिश्रा आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल