नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका
नोएडा, 17 सितंबर (हि.स.)। थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत गौड़ सिटी के पास गुरुवार दोपहर को एक नाले से अज्ञात व्यक्ति (42) का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी का कहना है कि शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और चौकियों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही, फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी