गंगा किनारे मिला अज्ञात शव, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। फीलखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को गुप्तार घाट के पास गंगा नदी किनारे एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने देखा कि किनारे पड़े शव को कुत्ते नोच रहे थे। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए शव की पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और अनुमान है कि वह करीब 15 से 20 दिन पुराना हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि शव गंगा नदी में कहीं दूर से बहकर यहां किनारे आ लगा है। पुलिस आसपास के थानों से भी सम्पर्क कर लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की पहचान कराई जा सके।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप