प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है देश : रमेश अवस्थी
कानपुर, 27 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और भाजपा शासित राज्यों में सुशासन तथा जनकल्याण की नई मिसाल स्थापित हो रही है। यह बातें बुधवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात के बाद कहीं।
गुहावटी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर करीब 30 मिनट चली मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों, संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश विशेषकर कानपुर में चल रही विकास परियोजनाओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और केंद्र सरकार की जनहित योजनाओं की जानकारी साझा की।
वहीं मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असम में तेजी से हो रहे विकास कार्यों, सुशासन और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में सेवा और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सांसद रमेश अवस्थी के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार भी जताया।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने संगठन को मजबूत करने, राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने और विकास के अनुभवों को साझा करने पर भी चर्चा की। भाजपा नेताओं की इस मुलाकात को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप