गया से जयपुर जा रही अनियंत्रित अमर ट्रैवल्स की बस हाईवे किनारे पलटी
कानपुर देहात, 22 सितंबर (हि.स.)।
जनपद के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुबकी के पास नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। बिहार के गया से राजस्थान के जयपुर जा रही अमर ट्रैवल्स की एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई। घटना के वक्त बस में सवार लगभग 40 यात्री गहरी नींद में थे, जिससे दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सोते समय हुआ हादसा, मची अफ़रातफ़री
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमर ट्रैवल्स की बस (गया-बिहार से जयपुर) सिकंदरा क्षेत्र के डुबकी गांव के समीप पहुंची ही थी कि चालक के नियंत्रण खोने के कारण हाईवे के किनारे पलट गई। अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे अचानक हुए इस हादसे के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
3-4 यात्री मामूली रूप से घायल
हादसे में 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
चालक और परिचालक हुए फरार, जांच जारी
हादसे के तुरंत बाद बस का चालक और परिचालक (कंडक्टर) मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को हाईवे से हटवाकर किनारे करवाया है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई और हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से जारी है। सिकंदरा थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और चालक की तलाश में जुटी है।
चौकी प्रभारी कांधी मलोकचंद ने बताया कि बस पलटने की खबर पर तुरंत कार्रवाई की गई। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद चालक व परिचालक फरार हो गए हैं। हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन से गिरे तार के बंडल की वजह से बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। फिलहाल बस को सीधा करवा दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी