ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत, चालक फरार

 


हरिद्वार, 05 सितंबर (हि.स.)। रुड़की में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह चौक स्थित द्वारकाधीश मंदिर के पास ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 84 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान कामेश्वर प्रसाद त्यागी (84) पुत्र सागवा सिंह त्यागी, निवासी दीनदयाल, भगवती हॉस्पिटल के पास, रुड़की के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह अपनी स्कूटी से किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वह ईदगाह चौक के पास पहुंचे, उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई। लोगों को आता देख ट्रक चालक वाहन को वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला