फतेहपुर: हाईटेक नर्सरी लिख रही सफलता की नई इबारत
फतेहपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में उद्यान विभाग द्वारा हाईटेक नर्सरियों के माध्यम से किसानों को संकर शाकभाजी पौध बेहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और उन्हें अच्छी, गुणवत्तायुक्त फसल उत्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने बताया कि किसानों को बेहतर किस्म के रोग रहित सब्जियों के पौधे उपलब्ध कराने के लिए वर्तमान समय में जनपद में 03 हाईटेक नर्सरियों की स्थापना की गयी। हाईटेक नर्सरी राजकीय औद्यानिक प्रक्षेत्र रमुवा पंथुवा विकास खण्ड हस्वा, हाईटेक नर्सरी राजकीय अलंकृत उद्यान कम्पनीबाग व कृषि विज्ञान केन्द्र थरियांव में स्थापित की गयी है। जिसमें तकनीकी का प्रयोग कर जिले के शाकभाजी उत्पादक कृषकों की माँग के अनुरूप प्रति वर्ष में लगभग 20-25 लाख उच्च गुणवत्तायुक्त रोग रहित शाकभाजी पौध मिर्च, टमाटर, बैगन, शिमला मिर्च, गोभी वर्गीय, कदूवर्गीय आदि उपलब्ध कराये जा रहे है। जिससे किसान शाकभाजी की अगेती फसल प्राप्त कर अधिक आय प्राप्त कर रहे है। राजकीय औद्यानिक प्रक्षेत्र रमुवा पंथुवा द्वारा जनपद के कृषक अरविन्द सिंह निवासी ग्राम कुर्मिनखेड़ा विकास खण्ड मलवां को टमाटर के 7000 की पौध, दीपक निवासी ग्राम बिलन्दा विकासखणड तेलियानी को तरबूज के 5000 पौध, शैलेन्द्र कुमार निवासी ग्राम मलांव विकास खण्ड हस्वा को टमाटर के 7000 पौध, देवेन्द्र कुमार निवासी ग्राम बड़ाहार विकास खण्ड मलवां को मिर्च के 10000 पौध, रमन सिह निवासी ग्राम जलाला विकास खण्ड मलवां को शिमला मिर्च के 3000 पौध तैयार कर उपलब्ध करायी गयी। जिसका उक्त कृषकों द्वारा अपने प्रक्षेत्र पर रोपण किया गया। कृषकों को समय से पौध तैयार कर उपलब्ध करा दी गयी है। इन कृषकों द्वारा बताया गया कि हमारे प्रक्षेत्र पर अभी फसल तैयार होने में 25-30 दिन का समय लगेगा। जिसके लिए 25-30 दिन बाद हमें पौध तैयार कराकर उपलब्ध करा दी जाये तो हम लोग 25-30 दिन पहले से फसल उत्पादन प्राप्त कर अच्छा बाजार भाव प्राप्त कर पायेंगे। जिससे हमें अतिरिक्त लाभ होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार