वाराणसी में जन प्याऊ का मंत्री रविन्द्र ने किया लोकार्पण, राजवंश ने कराया निर्माण

 


वाराणसी, 12 नवम्बर (हि. स.)। प्रदेश सरकार में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने वाराणसी में लहुराबीर- जगतगंज मार्ग पर होटल प्रदीप के मुख्य द्वार पर शहर के लोगों के लिए 'हर पल जल जन प्याऊ' का लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम का संचालन वैभव नारायण सिंह तथा आभार प्रकट अद्वैत नारायण सिंह की ओर से किया गया।

वैदिक विद्वानों के मंत्रोच्चार के बीच जन प्याऊ का लोकार्पण करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि आगामी वर्षों में 365 दिन 24 घंटे सभी को हर पल जल 'जन प्याऊ' का प्रदीप नारायण सिंह द्वारा कराया गया निर्माण अनुकरणीय और सराहनीय है। उन्होंने अपने माता, पिता व पूर्वजों की स्मृति में बहुत पुण्य का कार्य किया है। इस जन प्याऊ का निर्माण काशी राजवंश की चौदहवीं पीढ़ी व बाबू जगत सिंह की आठवीं पीढ़ी के अंश अद्वैत नारायण सिंह, काश्वी कुशाग्र सिंह, तेरहवीं पीढ़ी के वैभव नारायण सिंह, बारहवीं पीढ़ी के प्रदीप नारायण सिंह ने कराया है।

इस अवसर पर जगतगंज राजपरिवार के प्रतिनिधि एवं जगत सिंह रॉयल फैमिली प्रोजेक्ट के संरक्षक प्रदीप नारायण सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रदीप नारायण ने बताया कि हमने अपनी पूजनीया माता कुसुम लता देवी (कुसुम कुंवर) व पूज्य पिता जय बाबू (जय नारायण सिंह) की स्मृति में पूर्वजों की मंशानुरूप जनता जनार्दन को शुद्ध पेयजल सुलभ कराया है। हमारे बाद की पीढ़ी भी इसी तरह सेवा कार्यों को करती रहेगी।

इस अवसर पर पद्मश्री चंद्रशेखर सिंह, क्षेत्रीय पार्षद सिद्ध नाथ शर्मा, पूर्व सभासद प्रशान्त सिंह, सत्यनारायण पाण्डेय, बाबू जगत सिंह शोध समिति कोर कमेटी के प्रमुख सदस्य मेजर अरविन्द सिंह, अशोक आनन्द, वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र कुमार दूबे, अरविन्द सिंह एडवोकेट, अवनीधर (दादा), शमीम अहमद, जे.एन. यादव, राकेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में विशिष्ट जन उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद