वाराणसी में छठ पूजा को लेकर गोदौलिया, दशाश्वमेध घाट मार्गों पर वाहनों की रोक
वाराणसी, 13 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने छठ पूजा को लेकर शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि वाराणसी में छठ पूजा को लेकर गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट और शीतला घाट की ओर कोई वाहन नहीं जा सकेंगे। शहर के विभिन्न स्थानों मैदागिन, बेनियाबाग, रामापुरा से गोदौलिया की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का संचालन 15 नवम्बर की अपराह्न 12 बजे से 16 नवम्बर की अपराह्न तीन बजे तक रोका जा रहा है।
एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि गंगा नदी के किनारे प्रसिद्ध घाटों में से नमो घाट और अस्सी घाट पर भी वाहनों को घाटों से पहले तिराहे चौराहे पर रोक दिया जाएगा। साथ ही वाहनों के रुकने के लिए पार्किंग दी जाएगी। इसी तरह से शहर के अन्य प्रमुख तालाबों के आसपास वाहनों की पार्किंग ना होने देने की स्थिति को भी ट्रैफिक पुलिस के जवान बनाए रखेंगे। जिससे छठ पूजा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू से चलती रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद