पुलिस कमिश्नर ने किया वाराणसी रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस सहायता केन्द्र का उद्घाटन
वाराणसी, 06 जून(हि. स.)। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना सिगरा क्षेत्र में वाराणसी रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस सहायता केन्द्र का उद्घाटन किया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त शुभम कुमार, सिगरा थाना के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस सहायता केन्द्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाते हुए नागरिकों, यात्रियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वाराणसी जंक्शन के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, जिसके दृष्टिगत त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने हेतु यह केन्द्र स्थापित किया गया। सहायता केन्द्र पर तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र में सतत निगरानी रखेंगे तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेंगे। पुलिस सहायता केन्द्र महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता तथा यात्रियों के मार्गदर्शन संबंधी सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद