वाराणसी के तेरह मंडलों में हुई भाजपा की आत्मनिर्भर बैठक
वाराणसी, 07 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वाराणसी महानगर में आने वाले कुल तेरह मंडलों में आत्मनिर्भर मंडल की बैठकों का आयोजन हुआ। बागेश्वरी मंडल की बैठक का आयोजन महानगर कार्यालय पर हुआ। बैठक का शुभारंभ महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पार्चन कर किया।
बैठक में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि यह देश के यशस्वी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए यहां के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अन्य क्षेत्रों की तुलना में कहीं अधिक है। लखनऊ की बैठकों में जब भी काशी क्षेत्र का नाम आता है, तो वाराणसी महानगर हमेशा गर्व से सबसे आगे खड़ा रहता है। यह मासिक बैठक छूटे हुए कार्यों को पूरा करने और कमियों को सुधारने का मंच है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्पष्ट निर्देश हैं कि हमारे शक्ति केंद्र मजबूत होंगे, तो संगठन अजेय बनेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा, नीतियों और विकास कार्यों से कार्यकर्ताओं को अपडेट रखने के लिए डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम से जुड़ना अनिवार्य है। जिन पदाधिकारियों का यह प्रोग्राम अभी अधूरा है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। पन्ना प्रमुखों के साथ निरंतर संपर्क में रहे। मंडल के सभी प्रभारियों को अपने-अपने शक्ति केंद्रों पर बैठकें आयोजित करनी है।
महानगर टीम में आईटी संयोजक पंकज चतुर्वेदी ने डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए, बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से इसे अपने मोबाइल के माध्यम से जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया। बैठक का संचालन सत्यप्रकाश जायसवाल ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, सुशील गुप्ता, राजेंद्र यादव, कांति दीक्षित, प्रमील पाण्डेय, योगेश वर्मा उपस्थित रहे। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद