स्वास्थ्य सेवाओं में प्रगति नवीनतम तकनीकें : बेहतर परिणाम विषय पर चिकित्सीय संगोष्ठी

 


वाराणसी, 25 मई (हि. स.)। मीरजापुर स्थित कोणार्क ग्रैंड होटल में पीजीआई और एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने स्वास्थ्य सेवाओं में प्रगति नवीनतम तकनीकें : बेहतर परिणाम विषय पर चिकित्सीय संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। संगोष्ठी में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों एवं उन्नत उपचार पद्धतियों की जानकारी चिकित्सा समुदाय तक पहुँचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम संचालित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह एवं निदेशक डॉ स्वरूप पटेल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र के चिकित्सकों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में वैज्ञानिक सत्र में विभिन्न विशेषज्ञों ने अपने-अपने विषयों पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किए। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता पटेल ने कैंसर उपचार में इम्यूनोथेरेपी एवं अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी तकनीकों, स्पाइन सर्जन डॉ. अमन वर्मा ने ऑर्थोपेडिक्स में दूरबीन विधि से स्पाइन एवं जोड़ प्रत्यारोपण रोबोटिक सर्जरी में आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता और स्पाइन सर्जरी एवं उससे संबंधित जटिलताओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। यूरॉलॉजिस्ट एवं किड्नी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पुनीत कुमार ने लेजर तकनीक द्वारा ब्लडलेस प्रोस्टेट एवं स्टोन सर्जरी के विषय में जानकारी दी, वहीं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अकदस मुमताज़ ने ईसीजी के आधारभूत सिद्धांतों पर व्यावहारिक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के अंत में इंटरैक्टिव सेशन में उपस्थित चिकित्सकों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर आईएमए मीरजापुर के अध्यक्ष डॉ. एच. पी. सिंह एवं सचिव डॉ. एस. एन. पाठक, नीमा सचिव डॉ. मनोज कुमार सिंह, अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार मौर्य, आईडीए अध्यक्ष डॉ. पियूष कुमार जैन, सचिव डॉ. राजेश यादव के पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद