निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में हुई 110 मरीजों के आंखों की जांच

 


वाराणसी, 24 मई (हि. स.)। वाराणसी के हनुमान घाट स्थित कांची शंकर मठ में रविवार को आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम ने निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया। शिविर को प्रातः दस बजे से दोपहर दो बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों अमन त्रिपाठी, नेहा, मनीषा, प्रिया द्वारा चलाया गया और इस दौरान 110 मरीजों के आंखों की जांच की गई।

मौके पर कांची शंकर मठ के प्रबंधक बी. एस. सुब्रह्मण्यम व प्रख्यात वैदिक विद्वान के वेंकटरमन घनपाठी ने संयुक्त रूप बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, मोबाइल एवं कंप्यूटर के अत्यधिक उपयोग तथा अनियमित दिनचर्या के कारण लोगों में नेत्र रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में समाज के सभी वर्गों, विशेषकर बुजुर्गों एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में आधुनिक उपकरणों की सहायता से आंखों की जांच की जाएगी तथा जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही सनातन संस्कृति की वास्तविक पहचान है और कांची शंकर मठ सदैव जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने वाराणसी एवं आसपास के लोगों से समय पर पहुंचकर शिविर में भाग लेने और अपने परिचितों को भी जानकारी देने का अनुरोध किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद