वाराणसी : बाढ़ राहत कैम्प में विधायक हुए भावुक, हाथ में उठा ली वितरण सामग्री

 


वाराणसी, 03 सितम्बर (हि. स.)। वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने के बाद कोनिया क्षेत्र में लोगों के मकानों में पानी घुस गया। बाढ़ के संकट काे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को बाढ़ राहत कैम्प में पहुंचाया, जहां गुरुवार को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी पहुंचे। कैम्प में पहुंचने के बाद विधायक भावुक हो गए और उन्होंने अपने हाथों में वितरण सामग्री उठा ली। विधायक ने अपने हाथों से ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को खाद्य सामग्रियों का वितरण किया।

इस अवसर पर दक्षिणी विधानसभा के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में जहां भी गंगा नदी का पानी पहुंचा है। वहां से लोगों को सुरक्षित बाढ़ राहत कैम्प तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उनकी अपनी है। साथ ही, बाढ़ राहत कैम्प में कोई भी कठिनाई न आए, इसके लिए भी वह दिन रात लोगों के बीच में खड़े हैं।

इससे पहले कोनिया मोहल्ले में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने लोगों से वार्ता की। इस दौरान दुकानदार अमित जायसवाल ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित हो चुके कोनिया में बिजली कटौती और साफ सफाई भी बेहद आवश्यक है। जिसे भी ध्यान देने की बहुत आवश्यकता है। जिस पर विधायक ने तत्काल अधिकारियों से वार्ता की।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद