उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त : अजय राय

 


लखनऊ, 04 जून (हि.स.)। वाराणसी में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकाराें से बातचीत करते हुए कहा कि आज पूरे उत्तर प्रदेश में आपराधिक घटनाएं चरम पर हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। चारों तरफ अराजकता का माहौल है। भाजपा सरकार जनता को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। गाजीपुर में विनीत राय की हत्या, भदोही, वाराणसी में हुई हत्याएं हाल की ही घटनाएं हैं। पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। हत्याओं में लिप्त शूटर पकड़े नहीं जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने के लिए एआई जेनरेटेड फर्जी क्लिप बनाई जा रही है और झूठे मुकदमे दर्ज कर आवाज को दबाने की घिनौनी चालें चली जा रही हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा वाले पूरी तरह से अपशब्द बोल रहे हैं। उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई नहीं हो रही है। भाजपा सरकार चाहे दमन की लाख कोशिशें कर ले, कांग्रेस का एक भी सिपाही न झुकेगा, न रुकेगा। जनता के हक की लड़ाई और हर जुल्म के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के हर एक कार्यकर्ता की बेबाक आवाज इसी तरह बुलंद होती रहेगी। इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से प्रवक्ता संजीव सिंह, वाराणसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी गण और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद