अजय राय और राहुल गांधी को लोकतांत्रिक मर्यादा का करना चाहिए पालन : महानगर अध्यक्ष
वाराणसी, 23 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं उनके नेता राहुल गांधी द्वारा काशी के यशस्वी सांसद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई टिप्पणी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं अमर्यादित है। अजय राय और राहुल गांधी को लोकतांत्रिक मर्यादा एवं राजनीतिक शिष्टाचार का पालन करना चाहिए। प्रधानमंत्री देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था के सर्वोच्च जनप्रतिनिधि हैं। इस प्रकार की व्यक्तिगत टिप्पणियां लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को अनर्गल बयानबाजी से बचते हुए विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर राजनीति करनी चाहिए। देश आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और जनता विकास की राजनीति को समर्थन दे रही है। भारतीय राजनीति की गरिमा बनाए रखना सभी दलों और नेताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद