सम्पूर्ण समाधान दिवस : वाराणसी जिलाधिकारी ने पिंडरा तहसील में सुनी फरियाद

 


—अफसरों को अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों/संदर्भों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय से निस्तारण के निर्देश

वाराणसी,06 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को पिंडरा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अफसरों ने लोगों की लिखित शिकायतों को सुनी। फरियादियों के कुछ समस्याओं का मौके पर निस्तारण करते हुए जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया ।

जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद/अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिये। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने पर जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। अफसरों के अनुसार पिंडरा तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 119 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें 07 प्रार्थना पत्रों का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया। शेष प्रकरणों को जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए तत्काल कार्यवाही कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये गए। समाधान दिवस में डीसीपी गोमती जोन, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित तहसील से सम्बंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी