डीजे उतारते समय करंट की चपेट में आए दो युवक, एक की मौत
गोरखपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण में रविवार को कांवड़ जुलूस समाप्त होने के बाद डीजे का साउंड सिस्टम उतारते समय दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत पोल के संपर्क में आने से डीजे पर काम कर रहे दो युवक करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के बाद घायल को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को पिपराइच थाना क्षेत्र में कांवड़ जुलूस निकाला गया था। जुलूस के साथ डीजे भी चल रहा था। जुलूस समाप्त होने के बाद डीजे संचालक और उसके साथ काम कर रहे लोग साउंड सिस्टम को खोलकर नीचे उतार रहे थे। इसी दौरान साउंड सिस्टम का एक हिस्सा पास में स्थित विद्युत पोल के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान डीजे संचालक का हाथ विद्युत पोल के संपर्क में आने से करंट प्रवाहित हो गया और उसके साथ काम कर रहे दो युवक भी इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने करण चौहान (निवासी जंगल अहमद अली शाह, टोला हरिपुर, थाना पिपराइच) को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहन भारती (निवासी बेलवा रायपुर, झाझवा चौराहा, थाना पिपराइच) का उपचार किया गया। हालत में सुधार होने के बाद चिकित्सकों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
घटना की सूचना मिलने पर पिपराइच पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया।
विद्युत पोल और तारों से सावधानी की अपील
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है तथा कांवड़ मार्ग और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा रही है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं, डीजे संचालकों और आयोजकों से विद्युत तारों एवं पोल के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय