राप्ती नदी में डूबे दो युवकों के शव बरामद
गोरखपुर, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र स्थित करतहरी घाट पर शनिवार को राप्ती नदी में नहाने गए सात युवकों में से दो युवक नदी की गहराई और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद शवों को बरामद कर लिया।
ग्राम जगदीशपुर गाही निवासी सात युवक शनिवार को राप्ती नदी के करतहरी घाट पर घूमने और स्नान करने पहुंचे थे। सभी युवक नदी में नहाते हुए मोबाइल फोन से वीडियो और रील बनाने लगे। इसी दौरान दो युवक नदी के उस हिस्से में पहुंच गए जहां पानी अपेक्षाकृत अधिक गहरा था और बहाव भी तेज था। अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
साथ मौजूद युवकों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही क्षणों में दोनों युवक नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घाट पर पहुंच गए। वहीं पीपीगंज थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की 26वीं वाहिनी के प्रशिक्षित गोताखोरों की सहायता से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद पहले जगदीशपुर गाही निवासी शिवम कुमार, और गोलू को खोज निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय