वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में पहुँची 70 सदस्यीय टीम इंडिया में उत्तर प्रदेश के दो युवा भी कर रहे हैं भारत का प्रतिनिधित्व

 

कार पेंटिंग और कंक्रीट कंस्ट्रक्शन वर्क स्किल कैटेगरी में कैफ खान और रुद्र प्रताप ले रहे हैं हिस्सा

लखनऊ, 25 सितम्बर, 2026 : वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 की विभिन्न कौशल प्रतियोगिताएं 23 सितम्बर से शुरू हो चुकी हैं। इसमें टीम इंडिया का अब तक का सबसे बड़ा दल हिस्सा ले रहा है, जिसमें 70 युवा प्रतियोगी 63 अलग-अलग स्किल कैटेगरी में मुक़ाबला कर रहे हैं। चार दिवसीय प्रतियोगिता की शुरुआत 22 सितम्बर की शाम हुई ओपनिंग सेरेमनी के बाद हुई, जिसमें टीम इंडिया ने दुनिया भर से आए दलों के साथ 'परेड ऑफ़ नेशंस' में भाग लिया।

वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली 70 सदस्यीय टीम इंडिया में उत्तर प्रदेश के दो युवा प्रतिभागियों का भाग लेना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। लखनऊ के कैफ खान और लखीमपुर खीरी के रुद्र प्रताप अपनी-अपनी स्किल कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश की युवा प्रतिभा और कौशल क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए शंघाई पहुँच चुके हैं। 63 स्किल कैटेगरी में कैफ खान पेंटिंग और रुद्र प्रताप कंक्रीट कंस्ट्रक्शन में अन्य देशों के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। 

कैफ खान कार पेंटिंग स्किल कैटगरी में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कैफ ने राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की कौशल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं। अपनी कौशल यात्रा के दौरान उन्होंने मारुति सुजुकी और एक्साल्टा कोटिंग सिस्टम्स द्वारा भी ट्रेनिंग ली है। वैश्विक मानकों के अनुरूप स्किल ट्रेनिंग प्राप्त करने के लिए उन्होंने जर्मनी और डेनमार्क में भी ट्रेनिंग ली है। वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में उनका चयन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उनके कौशल और निरंतर प्रशिक्षण का परिणाम है।

रुद्र प्रताप कंक्रीट कंस्ट्रक्शन वर्क स्किल कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। रुद्र प्रताप ने राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर इस कौशल विधा में तीन स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं। एलएंडटी के मार्गदर्शन में उन्होंने विभिन्न स्तरों पर निरंतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी दक्षता को विकसित किया और राष्ट्रीय स्तर के बाद चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर टीम इंडिया में स्थान बनाया। 

उल्लेखनीय है कि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयन्त चौधरी ने 15 सितंबर को नई दिल्ली स्थित कौशल भवन में आयोजित ‘सेंड-ऑफ सेरेमनी’ के दौरान इन दोनों प्रतिभागियों से भी मुलाकात की थी। यह मुलाकात उस समय हुई, जब टीम इंडिया शंघाई के लिए रवाना हो रही थी।

वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026 में कैफ खान और रुद्र प्रताप की भागीदारी उत्तर प्रदेश की कौशल प्रतिभा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उत्तर प्रदेश के ये दोनों प्रतिभागी अपने-अपने कौशल क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

शंघाई के राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुई विभिन्न कौशल प्रतियोगिताएं 26 सितंबर तक जारी रहेंगी। इसके बाद 27 सितंबर को सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए जाएंगे और इसी के साथ वर्ल्ड स्किल्ड प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित होगा।