संदिग्ध परिस्थितियों में एक ही गांव के दो युवकों की मौत
सुलतानपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के दुबेपुर में दो युवकों की संदिग्ध मौत हो गयी । सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटीं है।
देहात कोतवाली के गांव वैजापुर निवासी विजय जायसवाल (22), शिवचंद्र उर्फ डब्बू चौबे (43) सोमवार की देर रात दोनों युवक बुलेट से गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गए थे। अचानक उनकी तबियत खराब होने लगी, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डाॅक्टराें ने जांच के बाद दाेनाें काे मृत घाेषित कर दिया है।
क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कपूर ने मंगलवार को बताया कि थाना कोतवाली देहात क्षेत्रान्तर्गत ग्राम दुबेपुर में दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के प्रकरण में पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है। डिजिटल एवं अन्य साक्ष्यों के संकलन-परीक्षण तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त