निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौदहवीं मंजिल से गिरे दो मजदूर, मौत
नोएडा, 22 अगस्त (हि.स.)। थाना बिसरख क्षेत्र में निर्माणाधीन एक बिल्डिंग से शनिवार की शाम को दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गए। इस घटना में दोनों की मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र में निर्माणाधीन गोल्फ होम सोसाइटी में काम कर रहे दो मजदूर सरकार पुत्र अब्दुल खालिद सरकार मूल निवासी कुछ बिहार पश्चिम बंगाल उम्र 19 वर्ष तथा जमाल शेख पुत्र अब्दुल हौसले निवासी कुछ बिहार पश्चिम बंगाल उम्र लगभग 45 वर्ष चौदहवीं मंजिल से नीचे गिर गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी