गंगा में नहाने गए दो किशोर तेज बहाव में लापता, तलाश में जुटी पुलिस

 


कानपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ड्योढ़ी गंगा घाट पर सोमवार को नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर दो किशोर गंगा में लापता हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह फिर से तलाश अभियान चलाया जाएगा।

लापता किशोरों की पहचान कृष्णा निवासी राजा मार्केट, अहिरवां और शिवा शुक्ला निवासी पटेल नगर के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त हैं। परिजनों के अनुसार आज सूर्य, विराग, कृष्णा और शिवा चारों दोस्त गंगा स्नान के लिए ड्योढ़ी गंगा घाट पहुंचे थे। नहाने के दौरान कृष्णा और शिवा अचानक गंगा की तेज धारा में बह गए।

दोनों को बहता देखकर साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। घाट पर मौजूद लोगों ने भी काफी देर तक दोनों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई।

कृष्णा के पिता परमेश्वर ने बताया कि आज वह अपने बेटे कृष्णा और अन्य परिजनों के साथ ड्योढ़ी गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के बाद परिवार के लोग घर लौट गए थे। शाम को कृष्णा ने घर पर बताया था कि वह सिद्धनाथ घाट जा रहा है। बाद में जानकारी मिली कि वह ड्योढ़ी गंगा घाट पर गंगा में डूब गया है और उसका दोस्त शिवा भी उसके साथ लापता है।

घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने लापता किशोरों के परिजनों से भी बातचीत की। पुलिस के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छह लोग गंगा स्नान के लिए घाट पहुंचे थे। इनमें चार दोस्त और उनके दो परिजन शामिल थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे तीन दोस्त नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान एक युवक बाहर निकल आया, जबकि कृष्णा और शिवा तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक करीब 25 किलोमीटर के दायरे में दोनों किशोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीएसी के गोताखोरों, स्टीमर और एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है। पुलिस के अनुसार गंगा में बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने के कारण तलाश में परेशानी आ रही है। मंगलवार सुबह दोबारा व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया जाएगा। दोनों किशोरों के परिजन घाट पर मौजूद रहे और उनके लापता होने से परिवार में कोहराम मचा है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप