दो सचिवों के निलम्बन से आधा दर्जन पंचायतें प्रभावित

 

हमीरपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर ब्लाक के दो सचिवों के निलंबन के बाद आधा दर्जन पंचायतों में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल आदि के कार्य ठप होने से ग्रामीण परेशान हैं। सर्वाधिक परेशानी एसआईआर के लिए हो रही है।

गत माह पंचायत सचिव अमित कुमार को लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया था। इनके पास इंगोहटा, विदोखर पुरई पंचायत थी। इसके बाद शिवशंकर पाल को रिश्वत लेते गिरफ्तार होने पर निलंबित किया गया था। इनके पास पंधरी, भौनिया, पारा रैपुरा, बदनपुर ग्राम पंचायते थी। इन छह पंचायतों में वर्तमान में कोई सचिव नहीं है। इससे लोग जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल आदि नहीं बनवा पा रहे हैं। खंड विकास अधिकारी आशीष कटियार ने गुरुवार को बताया कि पत्रावली जिला अधिकारी के पास भेज दी गई है जल्द ही पंचायतों में सचिव नियुक्त होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा